एडीएम न्यायिक को ज्ञापन देकर भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) का ऐलान
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने किसानों एवं जनहित से जुड़े गंभीर मामलों को लेकर जिलाधिकारी कन्नौज को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो संगठन किसानों एवं आमजन के हित में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेगा।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं। इनमें कोल्ड स्टोरेज से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच, छिबरामऊ नवीन मंडी में कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं सरकारी राजस्व को हुई संभावित क्षति की निष्पक्ष जांच, किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल खरीद सुनिश्चित कराए जाने तथा गुरसहायगंज स्थित एक निजी विद्यालय के संबंध में प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग शामिल है।
भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) के पदाधिकारियों का कहना है कि किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि प्रशासन समयबद्ध तरीके से कार्रवाई नहीं करता, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करेगा। संगठन ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि किसानों और आमजन को न्याय दिलाना है।
संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों और आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और जनहित आधारित होगा तथा प्रशासन यदि समय रहते उचित कार्रवाई करता है तो आंदोलन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।