कन्नौज: पूर्व सपा नेता नवाब-नीलू यादव की संपत्ति कुर्क

भाइयों और सहयोगियों के नाम पर संपत्तियां, 5.25 करोड़ की 11 संपत्तियां जब्त

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उसके भाई गैंगस्टर नीलू यादव की 5 करोड़ 25 लाख कीमत की संपत्ति कुर्क की गई है। कन्नौज में 11 सम्पत्तियां मंगलवार को कुर्क की गईं। जिसमें करीब 25 बीघा खेत और 3 मकान शामिल हैं, जिनकी कीमत 5 करोड़ 25 लाख बताई गई।

नाबालिग से रेप के आरोप में पकड़े गए पूर्व सपा नेता गैंगस्टर नवाब सिंह यादव और उनके भाई गैंगस्टर नीलू यादव की सम्पत्तियों की मुनादी करवा कर पुलिस और राजस्व टीम ने कुर्क कर लिया। ये कार्यवाही मंगलवार दोपहर 1 बजे से शुरू हुई, जोकि 11 अलग-अलग स्थानों पर शाम तक की जाती रही।

एसडीएम सदर नवनीता राय, सीओ कुलवीर सिंह नवागंतुक सीओ सदर शिल्पा वर्मा और कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह राजस्व और पुलिस कर्मियों के साथ कंदरौली बांगर पहुंचे। यहां उन्होंने नवाब सिंह और नीलू यादव द्वारा कथित तौर पर अपराध कर गलत तरीके से अर्जित की गई खेती को कुर्क किया। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में उनके तीन मकानों को भी कुर्क किया गया।

मामले को लेकर एसडीएम सदर नवनीता राय ने बताया कि माफिया नवाब सिंह यादव और उनके भाई नीलू यादव ने इन सम्पत्तियों को अपराध कर के गलत ढंग से अर्जित किया था। कुर्क की गई सम्पत्ति करीब 5 करोड़ 25 लाख कीमत की है, जोकि नवाब सिंह यादव और वीरपाल यादव उर्फ नीलू ने परिजनों व सहयोगियों के नाम पर दर्ज करवा रखीं है। इससे पहले भी दो बार नवाब और नीलू की संपत्तियों की कुर्की की जा चुकी। इसकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई। इस प्रकार अब तक कुल 16 करोड़ से अधिक की सम्पत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

ये सम्पत्तियां कुर्क की गईं

गैंगस्टर नवाब सिंह यादव और गैंगस्टर नीलू यादव की मंगलवार को जो सम्पत्तियां कुर्क की गईं, उनमें कंदरौली बांगर में 59 लाख 2 हजार कीमत की जमीन, जोकि भाई कल्यान सिंह की पत्नी गुड्डी देवी के नाम दर्ज है। कंदरौली बांगर में ही नवाब सिंह के भाई उदयवीर की पत्नी नीतू देवी के नाम 59 लाख 2 हजार कीमत की जमीन।

इसी जगह पर भाई सुदर्शन सिंह यादव की पत्नी रानी देवी के नाम 66 लाख 50 हजार 725 रुपये कीमत की जमीन। कंदरौली बांगर में ही एक अन्य भाई शिवपाल यादव की पत्नी जयदेवी के नाम 59 लाख 2 हजार रुपये कीमत की जमीन और जयदेवी के ही नाम से मोहल्ला मौसमपुर अल्हड़ में 1 करोड़ 12 लाख 65 हजार 920 रुपये कीमत की जमीन। यहीं पर नीलू यादव की पत्नी मीना देवी के नाम 59 लाख 2 हजार रुपये कीमत की जमीन दर्ज है।

इसी तरह मोहल्ला गदनपुर बड्डू में मां मूला देवी 12 लाख 54 हजार रुपये कीमत की जमीन।

नवाब सिंह ने अपने सहयोगी रमेश चन्द्र के नाम मौसमपुर अल्हड़ मोहल्ले में दर्ज कराई 37 लाख 64 हजार 800 रुपये कीमत की जमीन। मोहल्ला जेरकिला में रमेश चन्द्र के नाम से आवासीय भूमि 40 लाख 75 हजार 880 रुपये कीमत। मौजा दरियापुर पट्टी में रमेश चन्द्र के नाम 7 लाख 60 हजार और दरियापुर चंदई में रमेश चन्द्र के नाम दर्ज 11 लाख 9 हजार रुपये कीमत की जमीनों को कुर्क किया गया।