कन्नौज: शिक्षाकर्मियों को पांच लाख की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रारंभ 

जिले के 98821 विद्यार्थियों को दी गई जूता, मोज़ा, बैग की रकम 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ आज आर.के. पैलेस, बेहरिन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया  तथा भाजपा के जिला महामंत्री शैलेंद्र द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय बेहरीन की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना गीत की प्रस्तुति की गई एवं वाराणसी स्थित व्यापार केंद्र सभागार से आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी उपस्थित लोगों द्वारा देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षा विभाग के 05 प्रधानाचार्यों एवं सहायक अध्यापकों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के 18 शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं वार्डनों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना पूरे भारत में पहली बार लागू हुई है। इस योजना के अंतर्गत शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षा मित्र लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार हैं और सरकार द्वारा प्रदान की गई यह सुविधा शिक्षकों एवं उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री जी ने अपेक्षा की है कि बच्चों की शिक्षा व्यवस्था अच्छी हो। ताकि कि वह नए भविष्य की आधार शिला तैयार कर सकें।

भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। साथ ही बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों को दो जोड़ी ड्रेस, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी क्रय करने हेतु ₹1200 प्रति छात्र की धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य “शिक्षक स्वस्थ, शिक्षा सशक्त” के संकल्प को साकार करना है।  मुख्यमंत्री कैशलेस शिक्षक चिकित्सा योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री जी ने आपके स्वास्थ्य की चिंता की और परिवार की चिंता की है। शिक्षक का भी कर्तव्य बनता है कि वह बच्चों को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने में महती भूमिका निभाये। 

जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने जानकारी दी कि जनपद के 98,821 विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से निर्धारित धनराशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे पूर्ण समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक विद्यालय को निपुण विद्यालय बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

कार्यक्रम में शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए एमओयू के अंतर्गत बैंक के शाखा प्रबंधक द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की विशेषताओं एवं लाभों की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम स्थल पर अतुल कुमार दीक्षित द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन स्नेहलता द्विवेदी द्वारा किया गया।

यह कार्यक्रम शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा एवं विद्यार्थियों के समग्र शैक्षिक विकास के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रहा। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, वार्डन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।