शुकरुल्लापुर रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज: मरम्मत के चलते दूसरे दिन भी बंद रहा दिल्ली मार्ग, डाइवर्ट मार्ग से दौड़ते रहे वाहन

महेश वर्मा
शमशाबाद, फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित शुकरुल्लापुर रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज की मरम्मत का कार्य दूसरे दिन भी जारी रहने से आवागमन प्रभावित रहा। मरम्मत कार्य के चलते इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया गया था जिससे राहगीरों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़ करना पड़े।
बताते हैं यह मार्ग आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। फर्रुखाबाद से कायमगंज, अलीगंज, धूमरी, जैथरा, एटा, अलीगढ़, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली तक जाने वाली तमाम बसों का संचालन इसी मार्ग से होता है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों से हजारों लोगों का आना-जाना भी इसी मार्ग से होता है। व्यापारिक दृष्टि से भी यह मार्ग काफी अहम है। पिछले दो दिनों से इस मार्ग पर मरम्मत कार्य चल रहा है। मरम्मत के चलते बुधवार से ही इस मार्ग को बंद कर दिया गया था। फर्रुखाबाद से दिल्ली जाने वाली बसों को डायवर्ट कर दिया गया है। वर्तमान में वाहनों का संचालन फर्रुखाबाद से हथियापुर, नवाबगंज, मंझना होते हुए हजियापुर मार्ग से किया जा रहा है। उधर मौके पर पहुंचे हमारे प्रतिनिधि ने मरम्मत कार्य और मार्ग खुलने को लेकर आवश्यक जानकारी चाही तो वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। कर्मचारियों ने भी जानकारी से इनकार कर दिया। हालांकि कर्मचारियों ने इतना जरूर बताया दो-तीन दिनों के अंदर मरम्मत का कार्य पूर्ण कर आवागमन चालू कर दिया जाएगा। लेकिन इस बात की आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। मार्ग डायवर्ट होने से यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। बसों के लेट होने और निजी बाहनो में किराया बढ़ने की भी शिकायतें मिल रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी वैकल्पिक मार्ग से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराया जाए।