कन्नौज: “जल संरक्षण करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प”

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  जनपद में 16 जुलाई से 22 जुलाई  तक “भूजल सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को जल संचयन, जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के प्रति जागरूक करते हुए जल संसाधनों के सतत एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करना है।

सहायक अभियंता, लघु सिंचाई राम जी ने बताया कि इस वर्ष “जल संरक्षण करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” विषय को केंद्र में रखते हुए विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत भूजल के महत्व, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण की सरल एवं प्रभावी तकनीकों तथा भूजल स्तर को सुरक्षित रखने के उपायों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों एवं आमजन को दी जा रही है।

भूजल सप्ताह के दौरान जनपद के ग्राम जगदीशपुर, पूराराय, बहोसी, बॉदापुर, खुदलापुर, बहादुरपुर, मझिगंवा, महचन्दापुर सहित अन्य ग्रामों में गोष्ठियों एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में विशेषज्ञों ने जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक नागरिक से जल बचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा अपने घरों, खेतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, वर्षा जल संचयन को अपनाने और भूजल के अनावश्यक दोहन से बचने का संकल्प दिलाया गया।