‘‘मुन्नू बाबू के पुत्र सौरभ राठौर और सचिन यादव के बीच हुई कानाफूसी से चर्चाओं का बाजार गर्म’’
फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह मुन्नू बाबू के घर प्रभारी मंत्री ठा. जयवीर सिंह शुक्रवार दोपहर में जिले की पूरी भाजपा टीम के साथ अचानक पहुंचे। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को मुन्नू बाबू ने बड़ी आत्मीयता से गले लगाया तो आसपास खड़े लोगों के चेहरे खिल गए। इसे जिले की राजनीति में नई बिसात बिछाने की तैयारी मानी जा रही है। भोजपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार कई क्षत्रिय नेता वहां नजर नहीं आए। हालांकि पूर्व सांसद मुन्नू बाबू ने इस मुलाकात को शिष्टाचार बताया।
जिला ही नहीं आसपास के क्षेत्रों में पूर्व सांसद मुन्नू बाबू का अच्छा रसूख है। स्वच्छ और स्पष्टवादी राजनीति करने वालों में उनकी पहचान है। वह अभी तक सपा मुखिया अखिलेश यादव के बेहद नजदीकी माने जाते हैं। हालांकि उनका और उनके परिवार का जनसंघ व भाजपा से भी नाता रहा है। शुक्रवार दोपहर में पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह को जिस समय पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पहुंचना था, उस समय वह वहां न पहुंचकर सीधे पूर्व सांसद मुन्नू बाबू के भोलेपुर स्थित आवास पर काफिले के साथ पहुंचे। वहां उम्र के हिसाब से एक-दूसरे का सम्मान हुआ। इसी दौरान सांसद मुकेश राजपूत व मुन्नू बाबू बेहद प्रसन्न मुद्रा में गले मिले। इस मुलाकात के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, भाजपा नेता जितेंद्र सिंह राठौर, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव के पुत्र सचिन यादव आदि नेता मौजूद रहे। इसी दौरान कुछ देर नेताओं में एकांत में वार्ता भी हुई। मुन्नू बाबू के पुत्र सौरभ राठौर और सचिन यादव की कानाफूसी भी हुई। इन दोनों ही नेताओं के काफी घनिष्ठ संबंध हैं। सचिन यादव के दादा राजेंद्र सिंह यादव, पिता नरेंद्र सिंह यादव ने अधिकांश राजनीतिक जीवन मोहम्मदाबाद क्षेत्र में गुजारा है। मुन्नू बाबू धीरपुर के निवासी हैं। दोनों ही परिवारों की क्षेत्र में अच्छी पकड़ भी है। आने वाले समय में दोनों ही परिवार एक-दूसरे के बड़े राजनीतिक सहयोगी बन सकते हैं। इस मुलाकात के लोग अपने मायने निकाल रहे हैं। पूर्व सांसद मुन्नू बाबू कहते हैं कि ठा. जयवीर सिंह उनके यहां पहले भी आते रहे हैं। मंत्री बनने के बाद पहली बार आए। यह शिष्टाचार मुलाकात थी। इसमें कोई राजनीति नहीं है। पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह उर्फ मुन्नू बाबू के पुत्र सौरभ राठौर को भाजपा ने वर्ष 2012 में भोजपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया था। इस चुनाव में वह 27,953 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे। इस चुनाव में सपा के जमालुद्दीन सिद्दीकी 51,650 वोट लेकर जीते थे, मगर वर्तमान सांसद मुकेश राजपूत को 33,021 वोट हासिल हुए थे और वह दूसरे स्थान पर रहे।
मुन्नू बाबू व मुख्यमंत्री की मुलाकात की भी चर्चा
मई में पूर्व सांसद मुन्नू बाबू और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी शिष्टाचार भेंट की खासी चर्चा रही। सोशल मीडिया पर फोटो भी वायरल हुई, हालांकि आवाज न्यूज इसकी पुष्टि नहीं करता। फिर भी शुक्रवार को पूरी भाजपा टीम का मुन्नू बाबू के घर पहुंचना अपने आप में राजनीति में बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है।
जिले में नए राजनैतिक बदलाव की आहट: सपा नेता मुन्नू बाबू से मिले भाजपा मंत्री, सांसद और सचिन यादव

