फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य गेट पर ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल के साथ अभद्रता, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने व जबरन प्रदर्शन करने के आरोप में पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष सहित कई नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमा के अनुसार, थाना फतेहगढ़ में तैनात होम गार्ड शिवपूजन 22 जुलाई को शाम 4 बजे से 23 जुलाई की रात 12 बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य गेट पर ड्यूटी पर थे। आरोप है कि 22 जुलाई की रात करीब 8ः30 बजे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार अपने समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल, कार और ट्रैक्टरों से कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, बृजेश गंगवार, शिवराम शाक्य, अंकित गंगवार समेत करीब 50-60 लोग मौजूद थे। एफआईआर में कहा गया है कि समर्थकों ने मुख्य गेट खोलने का दबाव बनाया। ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने अधिकारियों की अनुपस्थिति का हवाला देते हुए गेट खोलने से इनकार किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बाद में कुछ लोग साइड गेट से अंदर घुसने लगे। रोकने का प्रयास करने पर हेड कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने एनआईसी गेट खोल दिया, जिसके बाद सभी समर्थक कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर गए और धरना-प्रदर्शन व नारेबाजी करने लगे। इससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। घटना के बाद हेड कांस्टेबल शिवपूजन की तहरीर पर थाना फतेहगढ़ में नामजद आरोपितों तथा 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बडी खबर: कलेक्ट्रेट में जबरन घुसकर प्रदर्शन करने में भाकियू जिलाध्यक्ष सहित 60 पर मुकदमा