कन्नौज: थाना समाधान दिवस में शिकायतों को सुनकर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना छिबरामऊ में आयोजित थाना समाधान दिवस में संयुक्त रूप से उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर स्थलीय निरीक्षण करते हुए विवादों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करना है। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों को पूरी गंभीरता से लें तथा प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना-पत्रों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ किया जाए।

थाना समाधान दिवस के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।