सिंचाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जनपद के राजकीय नलकूप चालकों की कार्यक्षमता में वृद्धि एवं सिंचाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से “नलकूप चालक गोष्ठी” का आयोजन किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि प्रधान जनपद में किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नलकूप चालकों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी राजकीय नलकूप नियमित रूप से संचालित रहें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे उसका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने नलकूप चालकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
गोष्ठी में अधिशासी अभियंता, विद्युत द्वारा नलकूपों से संबंधित विद्युत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सहायक अभियंता (यांत्रिक) रवीन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि जनपद में 65 राजकीय नलकूपों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है तथा 19 नलकूपों का रिबोर कराया जाना प्रस्तावित है, जिससे सिंचाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बन सकेगी।
गोष्ठी में उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत, सहायक अभियंता (सिंचाई), सहायक अभियंता लघु सिंचाई, सहायक अभियंता (यांत्रिक), नलकूप विभाग के अधिकारी तथा जनपद के नलकूप चालक उपस्थित रहे।

