कन्नौज: हसेरन ब्लॉक में ‘जय गुरुदेव मॉडल प्रेरणा कैंटीन’ का शुभारंभ

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा स्वरोजगार का नया मंच

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।   जनपद के विकास खंड हसेरन परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्थापित ‘जय गुरुदेव मॉडल प्रेरणा कैंटीन’ का प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रेरणा कैंटीन जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार एवं सम्मानजनक आजीविका का सशक्त माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई, हसेरन द्वारा किया गया। कैंटीन संचालक रंजना देवी ने ऊर्जा मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में ऊर्जा मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आज ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाते हुए उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रेरणा कैंटीन न केवल गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती भोजन उपलब्ध कराएगी, बल्कि स्थानीय महिलाओं की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उद्घाटन के उपरांत ऊर्जा मंत्री ने कैंटीन का निरीक्षण किया तथा महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने एवं इस पहल को सफल बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रभारी जिला विकास अधिकारी/ डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, खंड विकास अधिकारी राम सिंह यादव, बीएमएम वीरेंद्र सिंह, मृदुल कुमार, विकास प्रताप सहित मिशन से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा आनंद सिंह, प्रधान भरत पाल सिंह, प्रधान रामचंद्र शाक्य, नीरज राजपूत, बृजेश राजपूत, सर्वेश शाक्य, चक्रधर सिंह, ब्रह्मानंद कठेरिया, प्रवीण दुबे, रमेश कठेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त महिला स्वयं सहायता समूहों की बड़ी संख्या में सदस्याओं तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए इस पहल का स्वागत किया।