कन्नौज: मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 1,673 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

आयुष्मान योजना के 41 गोल्डन कार्ड भी बने

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। आज जनपद के सभी 32 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 04 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला का सफल आयोजन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण नोडल अधिकारी, आरोग्य स्वास्थ्य मेला सहित नामित निरीक्षणकर्ता अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान आने वाले मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण संबंधी सेवाएं, हेपेटाइटिस ‘बी’ एवं ‘सी’ की जांच, टीबी संभावित रोगियों की स्क्रीनिंग, नेत्र रोगियों का परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाएं भी प्रदान की गईं।

आज आयोजित स्वास्थ्य मेले में कुल 1,673 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, जिनमें 783 पुरुष, 654 महिलाएं तथा 236 बच्चे शामिल रहे। वहीं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 41 पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाकर उन्हें वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के सफल संचालन हेतु प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय उपस्थिति रही। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।