‘‘अपर पुलिस अधीक्षक सहित सीओ घटना स्थल पर पहुंचे’’
‘‘फील्ड यूनिट टीम ने लिए नमूने,पुलिस हिरासत में हत्यारा’’
शमसाबाद,फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव खुड़ीना बैध में कलयुगी पुत्र पंकज राठौर पुत्र दुलारे उम्र 25 वर्ष ने पत्थर से अपनी मां नन्ही देवी पत्नी दुलारे उम्र लगभग 52 वर्ष की हत्या कर दी और घर का गेट अंदर से बंद कर लिया। घर में मृतका की पुत्री सुषमा को भी हत्यारे पंकज ने कमरे में बंद कर लिया और सुषमा पर भी जानलेवा हमला करने लगा। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने मकान का गेट तोड़ दिया और कमरे को खुलवाने का प्रयास करने लगे। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने कमरे का गेट तोड़कर बहन सुषमा की जान बचाई। हमलावर युवक पंकज लगभग एक घंटे तक मोहल्ले बालों और ग्रामीणों पर पथराव करता रहा। बामुश्किल हमलावर युवक पंकज राठौर को ग्रामीणों ने कब्जे में कर रस्सियों से बांध दिया। ग्रामीणों द्वारा गांव में हुई हत्या की खबर थाना शमसाबाद पुलिस को दे दी गई। जिस पर शमसाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी फोर्स सहित घटना स्थल पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। फील्ड यूनिट टीम ने घटना स्थल से नमूने एकत्रित किए। 10 बजे पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी एकत्रित की,वहीं पुलिस ने हत्यारोपी पुत्र पंकज राठौर को पुलिस हिरासत में ले लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि कल दिन के समय पड़ोस में रहने वाली उमाकांति पत्नी ईश्वर दयाल के घर पर जाकर उनके गेट की कुंडी तोड़ दी और हमलाबर हो गया लेकिन शोर मचाने पर भाग गया। वहीं मोहल्लेवासियों का यह भी कहना है कि हत्यारा पंकज राठौर दो वर्ष पूर्व विक्षिप्त सा हो गया था।