‘‘हजारों बच्चों और शिक्षकों-कर्मचारियों के भविष्य का सवाल’’
फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में ज्ञापन दिया। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर के 38 भवनों को तोड़ने के आदेश पर विरोध जताया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया।
ज्ञापन में सपा नेताओं ने मांग की है कि जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने की प्रस्तावित कार्यवाही रोकी जाए। उनका तर्क है कि यह विषय हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। सपा का मानना है कि किसी भी प्रशासनिक या कानूनी कार्यवाही को संविधान, कानून और न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप होना चाहिए, जिसमें शिक्षा और छात्रों के भविष्य पर भी विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर विश्वविद्यालय में किसी निर्माण या भूमि से संबंधित कोई विवाद है, तो उसका समाधान विधि सम्मत प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए, ताकि शिक्षा, विद्यार्थियों के हित और जन सामान्य का अहित न हो। सपा ने आरोप लगाया कि रामपुर जनपद में बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने और युवाओं का भविष्य उज्जवल बनाने के उद्देश्य से स्थापित यह विश्वविद्यालय लगातार समुचित शिक्षा व्यवस्था प्रदान कर रहा है, लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी राजनीतिक कारणों से इसकी इमारतों को ध्वस्त करने का प्रयास कर रही है। सपा ने यह भी दावा किया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय यह क्षेत्र सींगनखेड़ा ग्राम पंचायत में आता था। उस समय उत्तर प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1947 या किसी अन्य विधि के तहत निर्माण की अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं थी।
इस अवसर पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष साजिद अली खान, पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व मंत्री/जिलाध्यक्ष राम सेवक सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, प्रदेश सचिव/पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, फुरकान अहमद, इरफान खान, शाहरुख, अमित यादव, शिवम पटेल, मिर्जा समीर वेग, जितेंद्र यादव सिरौली, रामपाल सिंह यादव, अरविंद कुशवाहा, रिजवान, बीना शर्मा, बिल्लू श्रीवास्तव, माजिद अली, राजपाल यादव, फारूक अली, अजीम खान, रोशन खान, मुशीर खान, रमजान मंसूरी, इरफान, फैजान खान, आलम शेख सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने की प्रस्तावित कार्यवाही रोकने को सपा का ज्ञापन
