छात्र-युवाओं से बर्बरता पर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच: राहुल गांधी

‘‘राहुल गांधी ने छात्र बर्बरता का उठाया मुद्दा,कहा: छात्र न्याय के हकदार’’.
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। 
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्र आंदोलन का मुद्दा उठा रहे हैं। दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए प्रोटेस्ट में दिल्ली मार्च के दौरान पुलिसिया एक्शन पर उन्होंने सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि छात्र न्याय के हकदार हैं और उनके साथ प्रदर्शन के दौरान हुई कथित बर्बरता की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाना चाहिए।
वीडियो शेयर कर राहुल गांधी ने की ये मांग
राहुल गांधी ने गुरुवार को एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है। प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का ये वीडियो है, जिसे शेयर करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्र न्याय के हकदार हैं। हमारे छात्रों के साथ हुई बर्बरता की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एक स्वतंत्र उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाना चाहिए।
छात्रों की बर्बरता का उठाया मुद्दा
इससे पहले राहुल गांधी ने बुधवार को एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान छात्रों के साथ हुई बर्बरता का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में विद्यार्थियों के साथ हुई मारपीट के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं और उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने यह मांग भी की थी कि उच्चतम न्यायालय की निगरानी में हाई पॉवर्ड कमिटी से जांच कराई जानी चाहिए।
राहुल बोले- मुझे लोकसभा में बात रखने नहीं दिया गया
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें लोकसभा में अपनी बात रखने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि सत्ता पक्ष के सदस्यों को बोलने दिया गया। उन्होंने कहा कि मुझे कहा गया कि यदि मैं माफी मांग लूं तो मुझे बोलने दिया जाएगा। पहली बात, मैं बीजेपी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ या उनसे जुड़े किसी भी व्यक्ति से कभी माफी नहीं मांगूंगा। दूसरी बात, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में महत्वपूर्ण मुद्दे उठाना मेरा अधिकार है।
राहुल बोले- स्टूडेंट्स पर पैलेट गन का इस्तेमाल
राहुल गांधी ने कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा दिल्ली की सड़कों पर विद्यार्थियों के साथ हुई कथित बर्बरता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को डराने-धमकाने के लिए बजरंग दल को सक्रिय किया जा रहा है, ताकि स्टूडेंट दोबारा आवाज न उठा सकें।
अमित शाह पर राहुल गांधी का बड़ा आरोप
इससे पहले, विद्यार्थियों पर कथित बलप्रयोग का मुद्दा लोकसभा में उठाते हुए राहुल गांधी ने गृह मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि राहुल गांधी ने तथ्यहीन आरोप लगाए हैं और सदन के विशेषाधिकार का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।