कन्नौज में डीजे रोकने पर कांवड़ियों-पुलिस में झड़प : हंगामे के बाद कोतवाल ने इस्तीफे का ऐलान किया

बृजेश चतुर्वेदी  

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार रात डीजे आगे ले जाने से रोकने पर पुलिस और कांवड़ियों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद झड़प की स्थिति बन गई और नाराज कांवड़िए सड़क पर बैठ गए।

उन्होंने कन्नौज कोतवाल को निलंबित करने की मांग करते हुए जलाभिषेक रोकने का ऐलान कर दिया। करीब ढाई घंटे तक चले हंगामे के बाद कोतवाली प्रभारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने इस्तीफा देने की घोषणा की। एडीएम और एडिशनल एसपी ने दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद रात करीब 10:30 बजे कांवड़िए जलाभिषेक के लिए दोबारा यात्रा लेकर रवाना हुए। मामला सदर कोतवाली के बोर्डिंग ग्राउंड के पास का है।

ढाई घंटे तक चला हंगामा

कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद के बाद करीब ढाई घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और कांवड़ियों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास करते रहे।

कोतवाल ने इस्तीफे का किया ऐलान

लगातार बातचीत के बाद कन्नौज कोतवाल ने इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। इसके बाद एडीएम और एडिशनल एसपी ने कांवड़ियों को भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ। रात करीब 10:30 बजे कांवड़िए दोबारा यात्रा लेकर जलाभिषेक के लिए रवाना हो गए। पुलिस-प्रशासन ने भी यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।