कन्नौज: जलालाबाद महिला संकुल समिति की वार्षिक आमसभा सम्पन्न

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडरों का हुआ सम्मान

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड जलालाबाद की जलालाबाद महिला संकुल समिति की वार्षिक आमसभा का आयोजन ग्राम अनौगी स्थित द्वारिका धाम मैरिज लॉन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त (स्वत: रोजगार)/जिला विकास अधिकारी राज कुमार लोधी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस मौके पर राज कुमार लोधी ने संकुल समिति की वार्षिक आमसभा के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों की समीक्षा, भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मिशन से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आज न केवल अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, अपने पैरों पर खड़ी हों और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनें।

कार्यक्रम के दौरान जलालाबाद महिला संकुल समिति में कार्यरत विभिन्न कैडरों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले कैडरों ने मिशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा संचालित स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र के डायरेक्टर, जिला मिशन प्रबंधक शिव बिहारी, विकासखंड जलालाबाद के समस्त ब्लॉक मिशन प्रबंधक, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक नेतृत्व एवं ग्रामीण आजीविका को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ हुआ।