10 से 14 अगस्त तक होंगे विविध कार्यक्रम
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी “हर घर तिरंगा” एवं “तिरंगा यात्रा – राष्ट्र अभिमान अभियान” के सफल संचालन के लिए जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री रजनी पांडे मौजूद रहीं। कार्यशाला का शुभारंभ दोपहर 1 बजे भारत माता एवं पार्टी के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर कार्यशाला की मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री रजनी पाण्डेय ने कहा कि “जब युवा भारत का तिरंगा लेकर निकलता है तो यह प्रतीत होता है कि भारत का भविष्य सशक्त हाथों में है और युवा राष्ट्र का नेतृत्व कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान, सम्मान और स्वाभिमान विश्व पटल पर निरंतर बढ़ा है। तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारत के गौरव का जन-अभियान है।”
तिरंगा यात्रा अभियान की प्रस्तावना जिला संयोजक मुनीश मिश्रा ने रखते हुए अभियान की रूपरेखा एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 से 12 अगस्त तक जनपद की सभी विधानसभाओं में भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। 13 अगस्त को जिला मुख्यालय से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर पाकिस्तान में हिंदुओं पर हुए अत्याचार एवं नरसंहार की स्मृति में मौन जुलूस निकाला जाएगा तथा भाजपा जिला मुख्यालय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 13 एवं 14 अगस्त को “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया गया।
कार्यशाला में जिला प्रवासी अनूप अवस्थी ने संगठन द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा, बूथ स्तरीय प्रशिक्षण अभियान तथा अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जन-जन तक अभियान का संदेश पहुंचाए और इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाए।
जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, त्याग और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी मंडलों एवं शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं से अभियान को उत्साहपूर्वक सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में देवेन्द्र देव गुप्ता, अशोक सिंह, रामसेवक, शैलेन्द्र दुबे, राजीव ठाकुर, राजेश राजपूत, अभिषेक पाण्डेय, शिवेंद्र कुमार, अरुणा कुमारी शाक्य, राजन अवस्थी, मुनीश मिश्रा, अवनीश दोहरे, लोकेन्द्र सिंह, व्योम शुक्ला, संजीव गुप्ता, प्राची गुप्ता, संध्या शर्मा, रेखा दोहरे, श्याम दुबे, विवेक राजपूत, मिथिलेश बाथम, श्यामू राजपूत, भूपेंद्र शाक्य, सुनीता राजपूत, समेत जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, अभियान संयोजक, मोर्चों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
