कन्नौज: अभियोजन कार्यों की समीक्षा में जिला मजिस्ट्रेट ने दिए सख्त निर्देश

महिला अपराध एवं पॉक्सो मामलों के त्वरित निस्तारण पर दे विशेष जोर-जिला मजिस्ट्रेट

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जनपद के अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में न्यायालयों में लंबित वादों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण, दोषसिद्धि दर में वृद्धि तथा गंभीर अपराधों में सुदृढ़ एवं प्रभावी पैरवी करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) द्वारा माह जुलाई 2026 की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अवगत कराया गया कि जनपद के विभिन्न न्यायालयों में कुल 6,998 वाद विचाराधीन रहे। माह के दौरान 28 नए वाद दर्ज हुए तथा 24 वादों का निस्तारण हुआ। निस्तारित मामलों में 6 अभियुक्तों को सजा हुई।

उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को ईसी  एक्ट से संबंधित लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही हसेरन स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री नियमानुसार संचालित कराए जाने के भी निर्देश दिए।

डीएम ने अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा को मिलावटी खाद्य पदार्थों से संबंधित लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर पैरवी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने हत्या, महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो तथा अन्य जघन्य अपराधों से संबंधित मामलों में सजा दिलाए जाने हेतु विशेष पैरवी करने की हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने डीजीसी (क्रिमिनल) को ई-समन की प्रभावी तामील पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन ओ.एन. तिवारी, अभियोजन विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।