कन्नौज: डीएलएड प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन एवं पारदर्शिता से कोई समझौता: डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जनपद में संचालित डीएलएड पाठ्यक्रम की गुणवत्ता, प्रशिक्षण व्यवस्था, इंटर्नशिप एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में डीएलएड संस्थानों के संचालन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में डायट छिबरामऊ सहित कुल 34 संस्थानों में डीएलएड पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है तथा पाठ्यक्रम की परीक्षाएं सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत आयोजित होती हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि डीएलएड केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि भावी शिक्षकों के व्यक्तित्व निर्माण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों पर अनावश्यक शैक्षणिक दबाव न बनाया जाए, बल्कि उन्हें सकारात्मक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि संस्थानों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से लेकर प्रबंधन स्तर तक प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करे।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संस्थानों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण कक्षाएं संचालित हों, विद्यार्थियों से सतत संवाद स्थापित किया जाए, उनकी समस्याओं एवं शंकाओं का समयबद्ध समाधान किया जाए तथा परिसर में स्वच्छता, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण बनाए रखा जाए। उपस्थिति पंजिका अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखी जाए तथा प्रत्येक अभिलेख का समुचित संधारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने इंटर्नशिप व्यवस्था को विशेष रूप से गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि प्रशिक्षुओं विद्यालयों में शतप्रतिशत उपस्थित हो, तभी इंटर्नशिप से संबंधित समस्त प्रारूप पूर्ण रूप से भरकर उपलब्ध कराए जाएं तथा संबंधित प्रधानाचार्य के साथ विद्यार्थियों के फोटोग्राफ भी अभिलेखों में संलग्न किए जाएं। उन्होंने डीएलएड प्रशिक्षण प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने तथा परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी राजकुमार लोधी, विभिन्न डीएलएड संस्थानों के प्रधानाचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।