बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिले की इंदरगढ़ पुलिस ने गुरुवार दोपहर 12 बजे शराब की पेटियों से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। जिसमें सवार 3 लोग भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। ट्रक में बीयर और अंग्रेजी शराब की 508 पेटियां जिप्सम की बोरियों के नीचे दबी थीं, जोकि चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी। पकड़ी की गई शराब की कीमत 30 लाख रुपए आंकी गई।
इंदरगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि औरैया कन्नौज रोड पर उमर्दा की तरफ शराब की पेटियों से भरा एक ट्रक जा रहा है। जिसके आधार पर इंदरगढ़ थानाध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप ने एसओजी और आबकारी टीम के साथ उमर्दा में वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। यहां जब पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोका तो ड्राइवर और उसमें सवार दो अन्य लोगों ने बताया कि ट्रक पर जिप्सम की बोरियां लदी हैं, लेकिन जब पुलिस टीम ने बोरियों को हटाकर देखा तो उसमें शराब की पेटियां नजर आ गईं। पुलिस ने जब ट्रक ड्राइवर और उसके साथियों से बिल दिखाने को कहा तो वह लोग कोई कागज नहीं दिखा सके।
जिसके बाद पुलिस टीम ट्रक समेत तीनों लोगों को इंदरगढ़ थाने लेकर पहुंची। जहां ट्रक को चेक किया तो उसमें बियर और शराब की 508 पेटियां निकलीं। जिसमें किंग फिशर बियर की 248 पेटी, रॉयल स्टेग की 126 पेटी, इम्परियल ब्लू की 134 पेटी शामिल हैं। जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये हैं। पकड़े गए लोगों में महताब पुत्र अनवार निवासी आजाद नगर टीला, फ्रेंड्स कालोनी इटावा, मोहम्मद इमरान पुत्र मोहम्मद अफजल निवासी कबीरगंज इटावा और सलमान पुत्र शकील अहमद निवासी मोहल्ला आजादनगर फ्रेंड्स कालोनी शामिल हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एएसपी अजय कुमार ने बताया कि पूछताछ में तीनों युवकों ने कबूल करते हुए बताया कि वह लोग चंडीगढ़ से शराब लेकर बिहार जा रहे थे। जहां शराब प्रतिबंधित होने के कारण महंगे दामों पर बिक्री हो जाती है। फिलहाल इस मामले में अभी और जांच की जाएगी और अवैध तरीके से शराब लाने और बिहार में बेचने के नेटवर्क को खंगाला जाएगा। उन्होंने बताया कि जो ट्रक बरामद किया गया, वह भी इटावा जिले का ही है।