बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जनपद के आलू कृषकों को उनकी उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने उद्यान विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग में आपसी समन्वय कराकर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में मिड-डे-मील योजनान्तर्गत स्थानीय आलू कृषकों से सीधे आलू क्रय कर विद्यालयों में उपलब्ध कराना प्रारम्भ करा दिया है।
इसी क्रम में आज जिला उद्यान अधिकारी एवं खण्ड शिक्षाधिकारी, नगर क्षेत्र, कन्नौज द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नगर क्षेत्र, नसरापुर तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मित्रसेनपुर का निरीक्षण कर आलू की आपूर्ति सुनिश्चित की गई।
मेसर्स सरला शीतालय, मानीमऊ में कृषक अनिल पाल की 80 पैकेट की लॉट में से 10 पैकेट आलू मित्रसेनपुर तथा 08 पैकेट आलू नसरापुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय को उपलब्ध कराया गया। उक्त आलू का भुगतान ₹9 प्रति किलोग्राम की दर से सीधे ऑनलाइन आलू कृषक के बैंक खाते में किया जाएगा।