तहसील दिवस में आईं 102 शिकायतें: 4 को मिला समाधान

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में सदर तहसील में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्यवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, नगर निकाय सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्यवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। सदर तहसील में आयोजित तहसील समाधान दिवस में कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से 54, पुलिस विभाग से 25, विकास विभाग से 04, विद्युत विभाग से05, नगर पालिका परिषद से 02 तथा अन्य विभागों से संबंधित 12 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर 04 शिकायतों का समाधान किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी आदि रहे।