सावन के तीसरे सोमवार को पांडेश्वरनाथ सहित अन्य शिवालयों में गूंजे बम-बम भोले के जयकारे

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। सावन के तीसरे सोमवार को जिले के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ जुटी रही। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और भगवान से मनौती मांगी। मंदिरों में मेले जैसा माहौल रहा।
रेलवे रोड स्थित श्री पांडेश्वरनाथ मंदिर में सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 10 बजे तक मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हाथों में पूजा की थाल और जल लेकर कई श्रद्धालु घंटों लाइन में खड़े रहे। लंबे इंतजार के कारण कुछ श्रद्धालु थककर जमीन पर बैठ गए। नंबर आने पर उन्होंने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। कांवड़ियों के कई जत्थे भी मंदिर पहुंचे और भगवान शिव को जल चढ़ाया। घुमना कोतवाली के पीछे स्थित श्री कोतवालेश्वरनाथ मंदिर और मोहल्ला अढ़तियान स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। यहां भी सुबह से ही बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। मंदिर परिसर में संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सुबह करीब 10 बजे भगवान का श्रृंगार किया गया। इस दौरान करीब 30 मिनट तक श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए रोका गया। श्रृंगार के बाद आरती हुई और फिर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू किए गए। महिलाओं की कतार मंदिर के अंदर से लेकर सड़क तक लगी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को सूर्य होटल की तरफ रोककर दूसरे मार्गों से निकाला गया। रेलवे रोड से चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी मंदिर से करीब 500 मीटर पहले रोक दिया गया और वैकल्पिक मार्ग से रवाना किया गया।