नुक्कड़ सभाओं के जरिए डॉ. अरविंद गुप्ता ने बनाई अपनी अलग पहचान

फर्रुखाबाद। ( आवाज न्यूज ब्यूरो ) उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ संभावित निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी तैयारियों में जुटने लगे हैं। फर्रुखाबाद सदर विधानसभा सीट पर भी इस बार मुकाबला दिलचस्प होने के आसार नजर आ रहे हैं।

समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी जहां संगठन स्तर पर चुनावी तैयारियों को मजबूत करने में जुटी हैं, वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में फर्रुखाबाद के समाजसेवी डॉ. अरविंद गुप्ता इन दिनों नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों के बीच पहुंच रहे हैं।

डॉ. अरविंद गुप्ता स्थानीय समस्याओं को लेकर जनता से संवाद कर रहे हैं और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उनका कहना है कि फर्रुखाबाद के विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जनता के बीच रहकर काम करना जरूरी है।

डॉ. अरविंद गुप्ता लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जाते हैं। जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ-साथ उनके अस्पताल में जरूरत के अनुसार निशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का भी दावा किया जाता है। इसी सामाजिक सक्रियता के चलते उन्होंने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि डॉ. अरविंद गुप्ता सदर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि विभिन्न दलों की ओर से टिकट को लेकर अभी आधिकारिक तस्वीर स्पष्ट नहीं हुई है।

स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में संभावित बदलाव के बीच डॉ. अरविंद गुप्ता की बढ़ती जनसक्रियता ने सदर विधानसभा सीट के चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी मैदान में कौन-कौन से चेहरे उतरते हैं और जनता किसे अपना समर्थन देती है।