‘‘शिवलिंग स्थापना से पहले गए थे पांचाल घाट’’
महेश वर्मा
फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिले में सोमवार शाम शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम में शामिल होने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। हिच टूटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामला जहानगंज थाना क्षेत्र का है।
हादसा उस समय हुआ, जब चौकी महमदपुर गांव निवासी जसवंत के यहां मंदिर में शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। जसवंत के भाई सत्येंद्र ने बताया कि सोमवार को शिवलिंग की स्थापना होनी थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव और रिश्तेदारी के लोग तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पांचाल घाट गए थे। शाम को सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से वापस गांव लौट रहे थे। जहानगंज थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच टूट गई। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पर डीजे और जनरेटर भी लदा हुआ था और उसमें करीब 18 से 20 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जहानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
एक साथ 8 घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में एक साथ आठ घायलों के पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने अन्य चिकित्सकों के साथ घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टर के अनुसार, रमाकांत को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी पसली टूटकर फेफड़ों में घुस गई है, जिसके चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। एक अन्य घायल के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि बाकी घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
ये लोग हुए घायल
हादसे में लालू सिंह (25), रमाकांत (37), अंश (15), रजनेश (15), शेर सिंह (40), जितेंद्र (23), ध्रुव (15) और मोहित (18) घायल हुए हैं। जहानगंज थाना प्रभारी पूनम अवस्थी ने बताया कि शहर से गांव की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हिच टूटने के कारण पलट गई। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। सभी को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां से एक गंभीर घायल को कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
फर्रूखाबाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच टूटने से पलटी, 8 घायल: एक हायर सेंटर रेफर
