मोहम्मदाबाद पुलिस ने 30 लाख लूट के चौथे आरोपी को किया गिरफ्तार : न्यायालय ने जेल भेजा

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। मोहम्मदाबाद पुलिस ने 30 लाख रुपये की लूट के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,03,490 रुपये नकद, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
यह मामला 19 अगस्त 2026 को मोहम्मदाबाद थाने में 30 लाख रुपये की लूट के संबंध में दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले प्रकाश में आए आरोपी शिव कुमार, विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया को 20 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। तब उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 24 लाख रुपये बरामद हुए थे। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में वांछित चौथा आरोपी कुंवर बहादुर सिंह उर्फ सोनू (28) निवासी कल्हौर पछाह, थाना घिरोर, मैनपुरी फरार चल रहा था। पुलिस ने शुक्रवार, 21 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे बेवर-मोहम्मदाबाद मार्ग पर मदर मेमोरियल पब्लिक स्कूल तिराहे के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1,03,490 रुपये नकद, एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।