राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे में बबाल : एनएसयूआई और एबीवीपी भिडे, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एफआईआर

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। पुणे के सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी हॉस्टल कैंपस में शुक्रवार रात को एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। यह विवाद राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले हुआ।
घटना के बाद हॉस्टल में पुलिस तैनात की गई। एबीवीपी का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता छात्राओं पर राहुल के प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन का दबाव डाल रहे थे। वहीं, एनएसयूआई ने दावा किया कि कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली 2 छात्राओं को एबीवीपी सदस्यों ने हॉस्टल में रोककर धमकाया। यहां एबीवीपी छात्र से मारपीट के मामले में 6 नामजद लोगों और करीब 50-60 एनएसयूआई व यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। राहुल आज पुणे में स्टूडेंट्स से बात करेंगे। इससे पहले उन्होंने कोटा में 17 जून, देहरादून में 17 जुलाई और प्रयागराज में 8 अगस्त को ये कार्यक्रम किया था। उन्होंने पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े मुद्दे उठाए थे। राहुल गांधी ने प्रयागराज में कहा कि सिस्टम ने युवाओं को चक्रव्यूह में फंसा दिया है। इनसे कहा जाता है कि आपको जितनी रील बनाना है, बनाओ। मजदूरी करो। 21वीं सदी का नशा लो, लेकिन नौकरी नहीं मिल सकती है।’