बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) प्रशासन चला गाँव की ओर अभियान के अंतर्गत सुशासन सप्ताह के अवसर पर आज ग्राम पंचायत शंकरपुर एवं गोरखपुर हरभानपुर में जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं को सीधे पहुँचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
ग्राम गोरखपुर हरभानपुर में शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरण किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी ने उपस्थित ग्रामीणों को सुशासन सप्ताह के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक आत्मनिर्भर बन सके और उसका जीवन स्तर बेहतर हो।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा ग्रामवासियों की समस्याएँ गंभीरता से सुनी गईं तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

