बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। आज जनपद के समस्त 32 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 04 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा के निर्देशन में नोडल अधिकारी आरोग्य स्वास्थ्य मेला तथा निरीक्षणकर्ता अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर मेले में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में जनसामान्य को निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, परिवार कल्याण संबंधी परामर्श, हेपेटाइटिस-बी एवं सी की जांच, टीबी संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए जाने सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मरीजों को प्रदान किया गया।
मेले में उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। आज कुल 1,609 मरीज लाभान्वित हुए, जिनमें 718 पुरुष, 605 महिलाएं एवं 286 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के तहत 29 गोल्डन कार्ड बनाकर लाभार्थियों को वितरित किए गए, जिससे पात्र परिवारों को बेहतर एवं कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
स्वास्थ्य मेले में प्रत्येक केन्द्र पर चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसामान्य से अपील की गई कि वे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए समय से स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार कराए।
