बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। उप जिलाधिकारी तिर्वा सुश्री वैशाली ने आज मान्यवर कांशीराम पॉलिटेक्निक का निरीक्षण कर संस्थान में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में पहुंचकर विभिन्न कक्षों, प्रयोगशालाओं, कार्यशालाओं, पुस्तकालय, छात्र-छात्राओं की सुविधाओं तथा परिसर की स्वच्छता एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने शिक्षण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा तकनीकी शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित ज्ञान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों एवं संबंधित कर्मचारियों से संवाद कर संस्थान में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। इसलिए यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं तकनीकी दक्षता के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने संस्थान परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सदैव दुरुस्त रखने तथा विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़े विषयों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित को दिए। उप जिलाधिकारी ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल व्यवस्थाओं का जायजा लेना नहीं, बल्कि उनमें निरंतर सुधार लाकर छात्र-छात्राओं के लिए सकारात्मक, सुरक्षित एवं प्रेरणादायक वातावरण सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के प्रधानाचार्य सहित शिक्षक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
