फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में मै. जीवीपीआर तथा मै. वीटीएल गजा द्वारा पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। जीवीपीआर द्वारा अब तक 71 उच्च जलाशयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। संस्था की 183 योजनाओं में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है तथा 61 योजनाओं का “हर घर जल” प्रमाणीकरण भी पूरा हो गया है। वहीं वीटीएल गजा द्वारा 151 उच्च जलाशयों का निर्माण कराया गया है। संस्था की 122 योजनाओं में नियमित जलापूर्ति प्रारंभ हो चुकी है तथा 166 योजनाओं का “हर घर जल” प्रमाणीकरण पूर्ण किया जा चुका है। बैठक में जिलाधिकारी ने जीवीपीआर के कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवशेष योजनाओं की प्रगति बार-चार्ट के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा, जिससे कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके। निर्माण कार्यों में अपेक्षाकृत कम श्रमिक लगाए जाने पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अतिरिक्त श्रमशक्ति लगाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 75 से 100 प्रतिशत प्रगति वाली 58 पेयजल योजनाओं को सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।इसके अलावा पूर्ण हो चुकी 71 पेयजल योजनाओं को शीघ्र अनुरक्षण एवं संचालन (ओ एंड एम) व्यवस्था में लाने के लिए कहा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन की सभी योजनाएं गुणवत्ता मानकों और तय समयसीमा के अनुरूप पूरी की जाएं, जिससे प्रत्येक पात्र परिवार तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य समय पर हासिल हो सके।
डीएम ने जल जीवन मिशन की प्रगति पर जताई नाराजगी

