महेश वर्मा
शमशाबाद, फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। थाना शमशाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बाइक सवार की लापरवाही के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ग्राम नैगवां में इरमान सिंह फौजी के मकान के सामने की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नैगवां निवासी तीसरा पुत्र खेतल सिंह अपनी बाइक से नैगवा से शमशाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीसराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद ले गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल, फर्रूखाबाद के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना शमशाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक सवार को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
