बरसात का कहर : आधी रात भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान

शमशाबाद,फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। ब्लॉक शमशाबाद के ग्राम बेला सराय गजा में बुधवार की देर रात लगातार हो रही बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर धराशाई हो गया। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। मकान रामू मिश्रा पुत्र जागेश्वर दयाल मिश्रा का बताया गया है। मकान गिरने से परिवार की गृहस्थी का काफी सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया।
बताया गया कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। बुधवार रात अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान के मलबे में बक्सा, बर्तन, चारपाई, साइकिल, रजाई-गद्दे समेत घरेलू उपयोग का अन्य सामान दब गया। मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि टल गया बड़ा हादसा: रामू मिश्रा और उनके पिता जागेश्वर दयाल उस समय मकान के अंदर नहीं थे। दोनों पास में बने अपने भाई के कमरे में रह रहे थे। इसी वजह से मकान गिरने के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई यदि परिवार मकान के अंदर सो रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। मकान धराशाई होने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित करने की समस्या खड़ी हो गई है। रामू मिश्रा और उनके पिता खेती-बाड़ी एवं कृषि कार्य करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं मकान और घरेलू सामान के नुकसान से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मौके पर जांच कराकर नुकसान का आकलन कराने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गांव में कई कच्चे मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में प्रशासन को समय रहते जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थान और सरकारी सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।