बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशन में रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जनपद की समस्त बाल विकास परियोजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्साहपूर्वक रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह के साथ स्वयं राखियां एवं आकर्षक रंगोलियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, बालिकाओं ने बालकों की कलाई पर प्रेम, स्नेह और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारा, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने के साथ ही भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक त्योहारों के प्रति उनके जुड़ाव को भी बढ़ाया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व तथा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के बारे में भी सहज एवं रोचक ढंग से जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा का माध्यम न बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता, संस्कार एवं सामाजिक मूल्यों के विकास का जीवंत केंद्र बनाने के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
