महेश वर्मा
‘‘रेल विभाग के ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजा बाबू गुप्ता को सौंपा ज्ञापन’’
फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जनपद के थाना नवाबगंज अंतर्गत शमसाबाद रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) स्वराज ने मंगलवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया। सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों और क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित ज्ञापन रेल विभाग के ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजा बाबू गुप्ता को सौंपा। ज्ञापन में ट्रेन संख्या 15041 (फर्रुखाबाद से कासगंज की ओर) और ट्रेन संख्या 15040 (कानपुर की ओर) का शमसाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई। क्षेत्रवासियों और यात्रियों द्वारा लंबे समय से इन एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही है। इससे पहले 17 फरवरी और 31 मार्च को भी संगठन द्वारा प्रदर्शन किया गया था, जिसमें रेलवे अधिकारियों ने जल्द मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था। शमसाबाद स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव न होने से दैनिक यात्रियों, व्यापारियों, छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, कासगंज, मथुरा और कायमगंज आने-जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को सुगम यात्रा का लाभ मिलने के साथ-साथ रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। भाकियू स्वराज के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर दोनों ट्रेनों का ठहराव नहीं किया गया, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करते हुए कानपुर-कासगंज पैसेंजर ट्रेन को रोककर अनिश्चितकालीन धरना देगा। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शन स्थल पर जीआरपी पुलिस बल के साथ नवाबगंज थाना पुलिस भी भारी संख्या में तैनात रही। करीब साढ़े चार घंटे चले प्रदर्शन के बाद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया गया।
एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) स्वराज ने किया धरना प्रदर्शन
