कन्नौज : नगरपालिका परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि के खिलाफ प्रदर्शन, नारेबाजी

मन्दिर के रास्तों की बदहाली पर फूटा शिव भक्तों का गुस्सा, बोले- घेरेंगे उनका घर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  सिद्धपीठ बाबा गौरीशंकर मंदिर की टूटी और कीचड़युक्त सड़क का निर्माण न होने से भक्तों में नाराजगी दिखी। नगर पालिका में प्रदर्शन करते हुए चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की।

सोमवार दोपहर 12 बजे भाजपाइयों की भीड़ नगर पालिका पहुंच गई। यहां चेयरमैन मौजूद नहीं थीं। ऐसे में युवकों ने परिसर में ही नारेबाजी शुरू कर दी। भीड़ के नारेबाजी करते ही नगर पालिका के कर्मचारी कमरों से बाहर निकल आए और युवकों से बातचीत की। यहां अधिशासी अधिकारी के नाम 5 सूत्रीय मांग पत्र युवकों ने सौंपा और समय रहते समस्याओं के समाधान की मांग की। समाधान न होने पर चेयरमैन का घर घेरने का अल्टीमेटम दिया।

भाजपा नेता शिवेंद्र कुमार ने बताया कि इसी महीने हजारों की संख्या में कांवड़िए बाबा गौरीशंकर मन्दिर आते हैं। सावन महीने में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन बाबा गौरीशंकर मन्दिर की ओर जाने वाली सड़क 

दुर्दशा का शिकार है। चेयरमैन के पति जेहादी मानसिकता से काम कर रहे हैं, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा नेता नयन दोहरे ने कहाकि कांवड़ियों के आने से पहले मन्दिर का रास्ता दुरुस्त हो जाना चाहिए। कीचड़ और नाली का पानी सड़क पर दिखा तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका पर वंदन योजना में घपले के आरोप भी लगाए गए हैं। युवकों ने कहाकि वंदन योजना से मन्दिर के आसपास निर्माण कार्य होने थे। व्यवस्थाएं चकाचौंध की जानी थीं लेकिन बिना काम कराए ही योजना की रकम का बंदरबांट हो गया। उन्होंने मांग की वंदन योजना से कराए गए काम का ब्यौरा नगर पालिका मन्दिर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करे। अन्यथा उसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर ललड्या वर्मा, राहुल मिश्रा, गोपाल चतुर्वेदी, अनुज गुप्ता, श्यामजी मिश्रा, छोटू कनौजिया, आदित्य दुबे, कुलदीप पंडित, आकाश ठाकुर, लंकुश राजपूत, सोनू पटवा, मणि अवस्थी समेत कई लोग मौजूद रहे।