शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की उठी आवाज

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर कृष्णा देवी बालिका डिग्री कॉलेज के प्रांगण में भव्य एवं गरिमामयी शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन नदीम अहमद फ़ारूक़ी ने किया। समारोह में फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र के समर्पित एवं उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी श्री असीम यादव तथा विशिष्ट अतिथि स्नातक खंड क्षेत्र के प्रत्याशी शशांक यादव रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

शिक्षकों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना

समारोह को संबोधित करते हुए आयोजक नदीम अहमद फ़ारूक़ी ने शिक्षकों की समस्याओं और उनके अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि शिक्षकों को अनेक मानसिक एवं प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनके जायज अधिकारों एवं हितों की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल नौकरीपेशा व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र की रीढ़ होता है। शिक्षक ही देश के युवाओं का मार्गदर्शन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है तथा योग्य और प्रगतिशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

फ़ारूक़ी ने कहा कि यदि शिक्षक ही परेशान रहेगा तो देश के भविष्य का निर्माण प्रभावित होगा। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और कल्याण के लिए लगातार आवाज उठाने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह में शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने और शिक्षक हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शंशाक सक्सेना,प्रदेश सचिव मंदीप यादव,गौारव सिंह आजाद,विजय बहादुर पाल आदि मौजूद रहे।