महेश वर्मा
‘‘एटा के अलीगंज का रहने वाला है 30 वर्षीय गौरव उर्फ चंदन, ‘पापा मुझे ढूंढना नहीं’ लिखकर सुबह 4ः30 बजे घर से निकला था’
फर्रूखाबाद / शमशाबाद। ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ढाई घाट पुल से एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। कूदने से पहले युवक ने पुल पर अपने कपड़े और एक सुसाइड नोट छोड़ा था। सुसाइड नोट के आधार पर युवक की पहचान गौरव गुप्ता उर्फ चंदन (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गौरव, जिला एटा के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला छेदालाल गौड़ का रहने वाला है और रमेश चंद्र गुप्ता का बेटा है। परिजनों के मुताबिक वह मंगलवार सुबह करीब 4ः30 बजे पिता से 100 रुपये लेकर घूमने की बात कहकर घर से निकला था। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद मिला तो परिवार ने पड़ोसियों, रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क कर तलाश शुरू की। इधर सुबह करीब 10 बजे पुल से गुजर रहे राहगीरों की नजर पुल पर रखे कपड़ों और एक पर्ची पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पुल किनारे दुकान लगाए साधु-संतों को इसकी जानकारी दी। साधु-संतों की सूचना पर शमशाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कपड़ों व सुसाइड नोट को कब्जे में लिया। मौके पर मिले सुसाइड नोट में लिखा था – ‘पापा मुझे ढूंढना नहीं, मैं कूद गया हूं।’ सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन तुरंत ढाई घाट पहुंच गए। सूचना के बाद पुलिस ने गोताखोरों और स्टीमर की मदद से गंगा नदी में युवक की तलाश शुरू करा दी है। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया था। युवक के लापता होने के बाद से परिवार में मातम जैसा माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच के साथ युवक की तलाश में जुटी हुई है।
ढाई घाट पुल से गंगा में कूदा युवक, पुल पर कपड़े और सुसाइड नोट मिला
