कन्नौज: विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए  17 से ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी होगी 

 पारदर्शिता एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन संबंधी तैयारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार गति दी जा रही है। इसी क्रम में जनपद कन्नौज में ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य 17 सितम्बर (वृहस्पतिवार) से प्रारम्भ किया जाएगा।

एफएलसी की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रट कार्यालय कक्ष में जनपद के मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने एफएलसी की प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा राजनैतिक दलों की सहभागिता के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि एफएलसी हॉल में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि एफएलसी के दौरान उपस्थित रहने वाले अपने अधिकृत प्रतिनिधियों के पास जिला निर्वाचन कार्यालय, कन्नौज से समय से जारी करा लें, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एफएलसी हॉल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं अभेद्य बनाए रखने के लिए प्रवेश से पूर्व डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर  के माध्यम से जांच की जाएगी। हॉल के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, स्पाई पेन सहित अन्य प्रतिबंधित उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए एफएलसी हॉल के बाहर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सुरक्षित रूप से जमा कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि एफएलसी की संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निगरानी के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। साथ ही अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में फायर सेफ्टी उपकरण एवं आवश्यक सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।

ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अधिकृत इंजीनियर्स द्वारा निर्धारित मानकों, तकनीकी प्रोटोकॉल एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। एफएलसी के दौरान मशीनों की तकनीकी जांच एवं कार्यशीलता का परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एफएलसी प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति एवं अवलोकन निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को और सुदृढ़ करेगा।

जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्ष/सचिव एवं जनप्रतिनिधियों से अनुरोध है कि ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया के अवलोकन एवं निगरानी हेतु दिनांक 17 सितम्बर 2026 को कलेक्ट्रेट, कन्नौज परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस में उपस्थित होने का कष्ट करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी  विनीत कटियार सहित संबंधितगण उपस्थित रहे।