बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में 09वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्र डम्मरपुर, ठठिया खेड़ा, शेखाना, नगला मचल, अनौगी, किसई जगदीशपुर एवं बेहटा रामपुर सहित अन्य केंद्रों पर आने वाले बच्चों के लिए ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ एवं ‘खेल-खेल में सीखना’ की अवधारणा पर आधारित मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां कराई गईं। बच्चों ने विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों को नियमित पोषाहार एवं अनुपूरक पोषाहार के सेवन के महत्व और उससे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, स्वस्थ जीवनशैली तथा पोषण के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जनमानस को स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ वातावरण अपनाने तथा बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
