कन्नौज: कन्नौज को बाल श्रम मुक्त बनाने की मुहिम तेज, 3 बाल श्रमिक चिन्हित”

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद के मियागंज, सरायमीरा एवं अम्बेडकर नगर क्षेत्रों में बाल श्रम के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान 8 से अधिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 3 बाल श्रमिकों को कार्य करते हुए पाया गया, जिनके संबंध में नियमानुसार निरीक्षण टिप्पणियां दर्ज की गईं। टीम द्वारा दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों से श्रम न कराने तथा उनके शिक्षा एवं अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं श्रम विभाग की टीम की सहभागिता रही। अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी नवनीत कुमार श्रीवास्तव एवं शिवानी गुप्ता, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट उपस्थित रहीं।

अधिकारियों एवं टीम द्वारा बताया गया कि बाल श्रम की रोकथाम के लिए जनपद में निरंतर अभियान एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य बाल श्रम की रोकथाम, बाल श्रमिकों का चिन्हांकन, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा तथा संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। यह अभियान जनपद कन्नौज को दिसंबर 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।