कन्नौज: ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ विशेष अभियान के तहत मध्यस्थता जागरूकता शिविर संपन्न

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज: (आवाज न्यूज ब्यूरो) । उच्चतम न्यायालय की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (एमसीपीसी) तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (यूपीएसएलएसए) के दिशा-निर्देशानुसार, जनपद न्यायालय कन्नौज और बार एसोसिएशन कन्नौज के संयुक्त तत्वावधान में प ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ विशेष अभियान के अंतर्गत अधिवक्ता गणों के साथ एक विशेष ‘मध्यस्थता जागरूकता शिविर’ का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मुकदमों के बढ़ते बोझ को कम करने और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने में अधिवक्ता समाज की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करना है। शिविर को संबोधित करते हुए न्यायाधीश / सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पौमेला श्रीवास्तवा ने बताया कि ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान को सफल बनाने में अधिवक्ता गणों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। अधिवक्ता ही वादकारियों के सबसे पहले कानूनी सलाहकार होते हैं, जो उन्हें आपसी सुलह-समझौते और मध्यस्थता के लाभ समझाकर मामलों को कोर्ट के बाहर निपटाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

शिविर के दौरान उपस्थित अधिवक्ता गणों से अनुरोध किया गया कि वे अपने मुवक्किलों से बातचीत कर निम्नलिखित प्रकार के वादों को मध्यस्थता केंद्र में भेजने का प्रयास करें पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस मामले, दीवानी एवं संपत्ति से जुड़े शमनीय विवाद, मोटर दुर्घटना क्लेम, व्यापारिक एवं बैंक रिकवरी मामले बार एसोसिएशन कन्नौज के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से सभी साथी अधिवक्ताओं से अपील की कि वे इस 90 दिवसीय विशेष अभियान का अधिक से अधिक समर्थन करें। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता से वादकारियों के समय और धन की बचत होती है, जिससे समाज में अधिवक्ताओं के प्रति विश्वास और सुदृढ़ होता है। 

इस अवसर पर बार एसोसिएशन कन्नौज के पदाधिकारी गण भारी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता गण एवं वादकारी उपस्थित रहे