कन्नौज : प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।  (आवाज न्यूज ब्यूरो) । जनपद के प्रभारी मंत्री एवं खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में विकास कार्यों एवं कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इससे पूर्व उन्होंने कलेक्ट्रेट हॉल में स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया तथा 6 आयुष्मान के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया। 

बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद में सभी प्रकार की खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसानों को खाद को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने निराश्रित गोवंश के संरक्षण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान चलाकर निराश्रित गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित किया जाए। गोशालाओं में चारा, पानी, साफ-सफाई एवं पशुओं के पालन-पोषण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद की कोई भी गोशाला अव्यवस्थित स्थिति में दिखाई नहीं देनी चाहिए।

जल जीवन मिशन/हर घर नल योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण करने के साथ ही प्रत्येक घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान ऐसा पाया गया है कि पानी की टोंटी तो लग गई है किंतु पानी आता ही नहीं है। कहा कि इसे गंभीरता से लिया जाए। पाइप लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का रोड रिस्टोरेशन कार्य भी गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। अक्टूबर एवं नवंबर में पूर्ण होने वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिस प्रकार की सड़क को पाइप डालने के दौरान क्षति हुई है, उसी गुणवत्ता के अनुरूप उसका पुनर्स्थापन किया जाए।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक कराया जाए तथा विद्युत आपूर्ति से संबंधित जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय एवं जिला पंचायत सहित संबंधित विभागों को वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों को अभियान चलाकर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने विधायक निधि, सांसद निधि एवं त्वरित आर्थिक विकास योजना से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वीकृत कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। सभी विकास कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण कराते हुए उनकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि वर्षा के बाद विभिन्न प्रकार की बीमारियों के फैलने की संभावना बढ़ जाती है। इसके दृष्टिगत गांवों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई एवं फॉगिंग कराई जाए। इसके लिए टीमों का गठन कर नियमित रूप से निगरानी की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जा रहे मेडिकल एवं स्वास्थ्य शिविरों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा एवं अवस्थापना कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जनपद की तीनों विधानसभाओं में उत्सव भवन स्वीकृत हैं। मॉडल कम्पोजिट विद्यालय कन्नौज का निर्माण कार्य प्रगति पर है। छिबरामऊ में भूमि पूजन की कार्यवाही तथा तिर्वा में आवश्यक प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए । इस मौके पर पुराने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अभ्युदय कोचिंग के संचालन की भी समीक्षा की गई।

श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कार्यप्रणाली में और सक्रियता लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प सेतु के अंतर्गत जहां-जहां कैंप आयोजित किए जाए , वहां संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। 

उन्होंने उद्यान विभाग को भामाशाह योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों के माध्यम से मुनादी कराकर तथा लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से किसानों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी विकास खंडों एवं नगर निकायों  में सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएं तथा कैंप में प्रार्थना पत्र लिखने के लिए भी आवश्यक कार्मिकों की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्या दर्ज कराने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। 

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र श्रीवास, पार्टी जिला अध्यक्ष अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित अन्य उपस्थित रहे।