बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिला कारागार में सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से जिला जज नरेंद्र कुमार झा, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से जिला कारागार कन्नौज का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समस्त बैरकों, बंदियों की व्यवस्थाओं, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से कारागार की व्यवस्थाओं एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण के समय कारागार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जेल अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि कारागार में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन एवं स्टाफ द्वारा नियमित रूप से बैरकों एवं परिसर की चेकिंग की जाती है।
जिला जज नरेंद्र कुमार झा ने निर्देश दिए कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को नियमानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उनके स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। नए प्रवेशित बंदियों का नियमानुसार चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने निर्देशित किया कि कारागार की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। कारागार परिसर में स्वच्छता, पेयजल, भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही कारागार में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग एवं सतर्क निगरानी बनाए रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण करते रहें तथा निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर विशेष सतर्क दृष्टि बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सूचना से उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए।
