लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । बसपा में पिछले एक महीने के भीतर संगठन को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मायावती ने 23 सितंबर को अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाया था। अब महज 13 दिन बाद पांच अक्तूबर को बड़े भतीजे आकाश आनंद की एक बार फिर बसपा में वापसी हो गई है और उन्हें दोबारा राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी में सक्रिय भूमिका देने का फैसला किया है। उन्होंने आकाश आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर दोबारा पार्टी में काम करने का मौका दिया है। यह फैसला ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही आकाश आनंद ने सोशल मीडिया के जरिए मायावती से दोबारा पार्टी में काम करने का अवसर मांगा था। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ कारणों से संगठन में कई जरूरी बदलाव करने पड़े। उन्होंने आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने का भी जिक्र किया। मायावती के मुताबिक, इसके बाद आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आकाश की ओर से पार्टी में वापस काम करने की इच्छा जताने वाले पोस्ट का भी उन्होंने उल्लेख किया। आकाश ने अपने पोस्ट में मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए दोबारा पार्टी के लिए काम करने का अवसर मांगा था।
आकाश आनंद फिर बसपा के राष्ट्रीय संयोजक
