आकाशवाणी में धरने को लेकर राहुल-प्रियंका पर एफआईआर : दिल्ली पुलिस ने कहा- बिना अनुमति घुसे थे

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) दिल्ली पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर एफआईआर दर्ज कर ली है। दरअसल, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को चुनाव आयोग तक मार्च निकाला था। लेकिन बैरिकेडिंग होने की वजह विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन में ही धरने पर बैठ गए थे।
दरअसल, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के बाद से विपक्ष लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों ने इसी मांग को लेकर मंगलवार को दिल्ली में चुनाव आयोग दफ्तर तक मार्च निकाला था। मंगलवार देर रात पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा को आकाशवाणी भवन से कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
विपक्ष के अलावा स्टूडेंट संगठन और एक्टिविस्ट भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उधर, चुनाव आयोग ने मंगलवार को बताया कि किसी भी राजनीतिक पार्टी ने मंगलवार शाम 4 बजे तक मिलने के लिए अपॉइंटमेंट नहीं मांगा था। ईसी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शाम करीब 4 बजे उन्हें जानकारी दी कि विपक्ष के सांसद उनसे मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहते हैं।
अनधिकृत तरीके से घुसने को लेकर एफआईआर
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को कांग्रेस सांसदों राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य सांसदों के खिलाफ मंगलवार को भारतीय चुनाव आयोग के विरोध प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति के प्रवेश करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। एएनआई ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि विपक्ष ने मार्च के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी थी और न ही दी गई थी।
राहुल गांधी ने हिरासत में लेने का वीडियो शेयर किया
राहुल गांधी ने पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लेने का वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा- लोकतंत्र के गद्दारों को बचाने के लिए बचे कुचे लोकतंत्र को घसीटा गया है। हिसाब होगा- एक भी देशद्रोही बख्शा नहीं जाएगा।