जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण का लिया जायजा, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने पर दिया जोर
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना की तैयारियों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद में नामित फील्ड ट्रेनरों के प्रथम स्लॉट का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 05 से 07 अक्टूबर 2026 तक सेंट जेवियर्स स्कूल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्र/प्रश्नावली, डिजिटल माध्यम, मोबाइल एप तथा फील्ड स्तर पर कार्य निष्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने फील्ड ट्रेनरों से संवाद करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं विषयों की समझ के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय विकास की आधारभूत प्रक्रिया है। अतः प्रत्येक स्तर पर कार्य करने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षित एवं दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने फील्ड ट्रेनरों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक विषय को गंभीरता से समझें तथा आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सरल, स्पष्ट एवं व्यावहारिक तरीके से प्रशिक्षण प्रदान करें। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता, पूर्ण कवरेज, निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः अनुपालन तथा डिजिटल माध्यम से सूचनाओं की त्रुटिरहित प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
जनपद के लिए नामित मास्टर ट्रेनर सस्मित द्विवेदी एवं मृदुल मिश्रा द्वारा फील्ड ट्रेनरों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की मूल अवधारणाओं, प्रश्नावली में मांगी जाने वाली सूचनाओं, गणना प्रक्रिया, मोबाइल एप के संचालन तथा फील्ड में आने वाली संभावित परिस्थितियों एवं उनके समाधान के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर आगे जनपद के विभिन्न चार्जों में तैनात प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे जनगणना कार्य को एकरूपता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।
जनपद में कुल 58 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण दो स्लॉट में निर्धारित किया गया है। प्रथम स्लॉट का प्रशिक्षण 05, 06 एवं 07 अक्टूबर 2026 को संपन्न हो चुका है, जबकि द्वितीय स्लॉट का प्रशिक्षण 09, 10 एवं 12 अक्टूबर 2026 को सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक की जाएगी। इस अवधि में नागरिक जनगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं तथा अपने परिवार की आवश्यक जानकारी दर्ज कर स्व-गणना कर सकेंगे। इसके उपरांत 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 05 से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जनगणना कार्य में प्रत्येक परिवार एवं प्रत्येक व्यक्ति का पूर्ण एवं सही कवरेज सुनिश्चित हो, आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे तथा निर्धारित समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण मिलने से जनगणना-2027 का कार्य जनपद में व्यवस्थित, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा।
