सीएम योगी ने 470 खिलाड़ियों को सौंपे नियुक्ति पत्र: खेल कोटे से हुआ चयन

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को गुरुवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। साथ ही नियुक्ति पाने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम लोक भवन सभागार में हुआ। कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित अभ्यर्थियों में 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं। अब ये सभी खिलाड़ी पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देंगे।
‘नई खेल संस्कृति’ को बताया बदलाव की तस्वीर
इससे पहले सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि मैदान में मेधा, उपलब्धि पर सम्मान और प्रतिभा को राष्ट्र सेवा का अवसर देना ही ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई खेल संस्कृति है। इसी संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए पुलिस विभाग में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। सीएम ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए खुल रहे सरकारी सेवा के ये द्वार उस बदलाव की तस्वीर हैं, जो प्रदेश ने वर्ष 2017 के बाद देखा है। उनके मुताबिक इससे पहले खेल कोटा उपेक्षित था और भर्तियों में प्रतिभा से अधिक सिफारिश और पहुंच की चर्चा होती थी।
विभिन्न विभागों में 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती
सीएम ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ने का काम किया है। इसी का परिणाम है कि विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है।