नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन रखा है। इस विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस तैयारियों में जुट गई है। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने कई कदम उठाए हैं, इनमें ऐप आधारित कैब पर बैन से लेकर डिटेंशन सेंटर बनाए जाने और केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनाती भी शामिल है।
सीजेपी-आइसा ने इस प्रोटेस्ट को बुलाया है। इसमें कई राजनीतिक पार्टियों के भी शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस ने बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
कैसी है दिल्ली पुलिस की तैयारी
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 221 कंपनियों (लगभग 23,000 जवानों) को 8 से 12 अक्टूबर तक दिल्ली पुलिस के लिए उपलब्ध कराया है। इसके अलावा 5 महिला अर्धसैनिक कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। तैनाती के लिए, सीआरपीएफ की कंपनियों को जम्मू और कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से लाया जा रहा है।
57 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे
प्रोटेस्ट के चलते 9 अक्टूबर को रात 9 बजे से 10 अक्टूबर को स्थिति सामान्य न होने तक 57 मेट्रो स्टेशन में एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे।
नई दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशनों पर ट्रेनें रद्द
इसके अलावा रेलवे ने ट्रैफिक का हवाला देते हुए 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है।
10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली और उसके आसपास करीब 10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं। इनमें राजीव गांधी स्टेडियम, छत्रसाल स्टेडियम भी शामिल हैं। इसके अलावा नरेला, ईस्ट दिल्ली और नॉर्थवेस्ट दिल्ली में इसी तरह के डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं।
दिल्ली बॉर्डर पर सख्ती
पुलिस ने दिल्ली के सभी एंट्री पॉइंट पर सख्ती बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़ जुटाने की कोशिश करने वाले लोगों को बॉर्डर पर रोका और हिरासत में लिया जा सकता है।
ऐप बेस्ड कैब पाबंदी
पुलिस, लुटियंस दिल्ली की ओर आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कैब कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक रोका जा सकता है। कैब ऑपरेटरों को नई दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कों पर प्रतिबंधों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
होटलों-ओयो से नई बुकिंग न लेने के लिए कहा गया
सेंट्रल दिल्ली के आसपास के होटलों, गेस्ट हाउस और ठहरने की अन्य जगहों को इस दौरान बंद रखने के लिए कहा जा रहा है, ताकि नई बुकिंग न हो। पहाड़गंज के होटल मालिकों से भी नई बुकिंग न लेने के लिए कहा गया है। इसके अलावा साउथ और नॉर्थ दिल्ली में भी ऐसा ही किया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया है। एक्साइज डिपार्टमेंट ने कहा कि यह बंदी दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से एहतियाती कदम के तौर पर की गई है।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी का 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन: 57 मेट्रो स्टेशन बंद, 2 स्टेशनों पर ट्रेनें रद्द
