फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जैसे-जैसे मौसम की गर्मी कम होती जा रही है वैसे-वैसे चुनावी गर्मी बढ़ती जा रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए प्रदेश के सत्ताधारी दल एवं प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं द्वारा गांव-गांव और गली-गली जन चैपाल एवं नुक्कड़ सभाओं का आयोजन होना शुरू हो गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव की आधिकारिक घोषणा होनी भले ही बाकी हो लेकिन जमीन पर चुनावी शंखनाद हो चुका है।
इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अजीत कठेरिया द्वारा विधानसभा क्षेत्र कायमगंज के ग्राम जिनौल (गौरखेड़ा) में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के प्रभारी अनिल पाल पूर्व प्रत्याशी तिर्वा एवं सुरेश पाल पूर्व प्रत्याशी बांगरमऊ मौजूद रहे। कार्यक्रम में अनिल पाल ने कहा कि आज पूरा पीडीए समाज अपने हक, अधिकार और सम्मान बचाने की लड़ाई लड़ने को मजबूर है। उसकी कोई सुनने वाला नहीं है। पूरे प्रदेश में शायद ही ऐसा कोई दिन जाता हो जिस दिन पीडीए समाज के किसी एक व्यक्ति की हत्या ना हो जाती हो। प्रदेश के किसी न किसी कोने पर हर रोज पीडीए समाज के लोग सत्ता के संरक्षण में पल रहे गुंडो की खुली गुंडई का शिकार हो रहे हैं। किसान की आय दोगुनी करने का वायदा करने वाले लोगों ने खाद की बोरी से किसान की खाद चोरी कर ली। आज फसल की उपज का सही दाम नहीं मिल पा रहा है। आलू का किसान कर्ज के तले दबा हुआ है और इस दंश में हर रोज किसान आत्महत्या कर रहा है। राम राज्य का दावा करने वाली इस निर्लज्य सरकार ने किसानों की आत्महत्या के आंकड़े तक जारी करने बंद कर दिए हैं और उस संबंध में आरटीआई का जवाब देना भी बंद कर दिया है। आज समूचा पीडीए समाज एकजुट होकर इस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुका है। हमारा समाज भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है। और ये पाल और गोपाल का गठबंधन अपनी पीडीए सरकार बनाने जा रहा है।
सुरेश पाल ने कहा कि प्रदेश का नौजवान आज रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है। शिक्षित नौजवान के लिए पेपर लीक एक अभिशाप बन चुका है। राम नाम का ढिंढोरा पीटने वाले लोगों ने भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के पावन धाम को भी नहीं छोड़ा। पीडीए समाज अब मायावी मारीच के असली स्वरूप को पहचान चुका है। आने वाले समय में पूरा पीडीए समाज एकजुट होकर इनकी कथनी और करनी में जो अंतर है उसके खिलाफ मतदान करेगा और अपने अपमान का बदला लेगा। पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह यादव ने कहा कि आज थाने और तहसील भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं। आज कोई कर्मचारी, अधिकारी किसी जनप्रतिनिधि की कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। लेखपाल और पंचायत सचिवों ने हर गांव में अपने-अपने एजेंट बैठा रखे हैं। छोटे से छोटे कामों के लिए गरीब और अशिक्षित लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। भ्रष्टाचार और गुंडई अपने चरम पर है। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश संगठन की कमान पाल समाज को सौंप रखी है। इतना सम्मान कोई दूसरा दल नहीं दे सकता। संगठन से लेकर सरकार तक सभी वर्गों की हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व विधायक अजीत कठेरिया ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक अपराध दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। आज लोकतांत्रिक व्यवस्था चैपट हो चुकी है। देश अघोषित आपातकाल के दौर से गुजर रहा है। आने वाले समय में पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगा और अखिलेश यादव इस प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। समाजवादी पार्टी सदैव किसानों और नौजवानों के लिए आवाज उठाती रही है, जब लोगों के पास बटन वाले मोबाइल हुआ करते थे। तब हमारे नेता ने छात्रों को लैपटॉप बांटे थे, और ऐसे लैपटॉप दिए थे जो आज भी चल रहे हैं।
इस मौके पर इलियास मंसूरी, दफेदार शास्त्री, अरविंद यादव,शिवम यादव, नेपाल सिंह पाल, महेंद्र पाल, सीटू यादव, राजीव यादव आदि ने विचार व्यक्त किए। सैकड़ों पूर्व पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण एवं पाल समाज के लोग उपस्थित रहे।
पाल और गोपाल मिलकर बनाएंगे अपनी पीडीए सरकार : अनिल पाल
